श्वानों और बंदरों के आतंक से मिलेगी राहत, प्रभावी प्रबंधन के निर्देश
जनसुरक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक, बंदरों के प्रबंधन के लिए तैयार होगी एसओपी

गाजियाबाद। श्वानों और बंदरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पिछले दिनों जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि हिस्ट्री डॉग्स के लिए निवाड़ी में स्थान परिवर्तित कर दिया गया है। इसके संचालन के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने के संबंध में शासन को पत्र भेजा जा चुका है। जनपद में एबीसी सेंटर संचालित हैं, जिनके माध्यम से श्वानों के प्रबंधन और बंध्याकरण की कार्रवाई लगातार की जा रही है।
बंदरों के प्रबंधन के लिए बनेगी एसओपी
बंदरों को पकड़ने और उनके उचित प्रबंधन के संबंध में उप प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में 30 सितंबर 2026 को आयोजित बैठक में इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। इनके अनुपालन में चार सदस्यीय समिति गठित कर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी।
जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्वानों और बंदरों से संबंधित समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें।
वरिष्ठ संवाददाता - दिल्ली/एनसीआर
नरेंद्र बंसल
दो दशकों से ज्यादा समय का पत्रकारीय अनुभव


