हुनर हाट में विशेष बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन, आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
संस्थान की ओर से बताया गया कि हस्तनिर्मित दीपावली उत्पादों की बिक्री से प्राप्त धनराशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए किया जाएगा।
गाजियाबाद। नींव शक्ति संस्थान की ओर से महरौली स्थित देव भागीरथी लर्निंग सेंटर में शनिवार को ‘हुनर हाट–दीपावली उत्सव’ का आयोजन किया गया। इसमें विशेष बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित दीपावली उपहारों, सजावटी वस्तुओं और हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना था।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
‘विशेष बच्चों के हुनर का खूबसूरत संसार’ थीम पर आयोजित उत्सव में बच्चों ने नृत्य, गायन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों और शिक्षकों की मेहनत से तैयार हस्तनिर्मित वस्तुओं ने उनकी रचनात्मकता और कौशल को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे में विशेष प्रतिभा होती है, जरूरत केवल उसे पहचानने और निखारने की है।
गणमान्य अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में कैरियर ग्रुप के निदेशक प्रभु माहेश्वरी और सचिन माहेश्वरी, गाजियाबाद के मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ (आईएएस), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान, सीजीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर विनीत गोयल तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव निधि कुमार झा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों की उपस्थिति से बच्चों का उत्साहवर्धन हुआ।
बच्चों की शिक्षा पर खर्च होगी बिक्री की धनराशि
संस्थान की ओर से बताया गया कि हुनर हाट केवल दीपावली मेला नहीं, बल्कि विशेष बच्चों के कौशल, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की पहल है। मेले में हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री से प्राप्त धनराशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए किया जाएगा। संस्थान का लक्ष्य विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें रोजगार व स्वरोजगार के लिए तैयार करना है।
नींव शक्ति संस्थान की संस्थापक ऋचा बल्लभ खुल्बे ने अतिथियों, सहयोगियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विशेष बच्चे में अपार संभावनाएं हैं। उन्हें आगे बढ़ाने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास देना जरूरी है। संस्थान भविष्य में भी बच्चों की शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के लिए प्रयास जारी रखेगा।
कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि हर व्यक्ति की प्रतिभा को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
“हर हुनर को मिले पहचान, हर सपने को मिले उड़ान।”
वरिष्ठ संवाददाता - मेरठ मंडल
नरेंद्र बंसल
दो दशकों से ज्यादा समय का पत्रकारीय अनुभव
