छठ पूजा से पहले हिंडन नदी में स्वच्छ जल की व्यवस्था करें अधिकारी: डीएम
12 नवंबर तक सफाई और जलकुंभी हटाने के निर्देश, घाटों पर सीसीटीवी, पुलिस, एंबुलेंस और स्वास्थ्य शिविर रहेंगे तैनात

गाजियाबाद। छठ पूजा पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों और छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और विद्युत व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए।
बैठक में छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने 12 नवंबर तक हिंडन नदी में स्वच्छ जल उपलब्ध कराने, नदी में फैली जलकुंभी हटवाने और जनपद के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
घाटों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को छठ पूजा से पहले हिंडन नदी में स्वच्छ जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी नगरीय निकायों को अपने क्षेत्रों के छठ घाटों पर सफाई और अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया। नगर निगम को हिंडन नदी और घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सके।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की रहेगी विशेष जिम्मेदारी
डीएम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा कार्यक्रम समाप्त होने तक पुलिसकर्मी आयोजन स्थलों पर मुस्तैद रहें। कार्यक्रम पूरा होने के बाद ही उन्हें वहां से जाने की अनुमति दी जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम करने को भी कहा गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को हिंडन घाट समेत सभी प्रमुख छठ घाटों पर स्वास्थ्य शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
दीपावली के आसपास फिर होगी समीक्षा
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पर्व आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसे हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध तैयारियां पूरी करें। उन्होंने छठ पूजा समितियों से सभी घाटों की सूची प्राप्त कर उनके पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाने तथा दीपावली के आसपास तैयारियों की दोबारा समीक्षा बैठक करने की बात कही।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन/राजस्व), अपर जिलाधिकारी नगर, नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर नगर आयुक्त सहित पुलिस, विद्युत, सिंचाई, पंचायती राज विभाग और सभी नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद रहे। छठ पूजा समितियों की ओर से पवन झा, पं. राकेश तिवारी, रीता सिंह, बालकिशन यादव, जय दीक्षित, विनोद अकेला, रामबाबू सिंह और उर्मिला पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वरिष्ठ संवाददाता - दिल्ली/एनसीआर
नरेंद्र बंसल
दो दशकों से ज्यादा समय का पत्रकारीय अनुभव


