कोलकाता भगदड़ पर पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा
खबर के मुताबिक, बारिश से बचने के लिए बाहर खड़े श्रद्धालुओं ने पंडाल के भीतर जाने की कोशिश की। वहीं, पंडाल में भी भीड़ थी और बाहर निकलने के रास्ते में बनी सीढ़ियों पर भगदड़ मची।

कोलकाता में भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पीएम मोदी ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है।
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
खबर के मुताबिक, चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल जाने के लिए राधा माधव साहा लेन पर लोगों की बहुत भीड़ लगी थी। उसी दौरान बारिश शुरू हो गई। खबर में बताया गया है कि बारिश से बचने के लिए बाहर खड़े श्रद्धालुओं ने पंडाल के भीतर जाने की कोशिश की। वहीं, पंडाल में भी भीड़ थी और बाहर निकलने के रास्ते में बनी सीढ़ियों पर भगदड़ मची।
वहीं, सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पहले बताया था कि पूजा कमेटी के एक भ्रामक अनाउंसमेंट और वहां मौजूद प्राइवेट सुरक्षा गार्डों के लगातार सीटी बजाने के बाद चोरबागान दुर्गा पूजा मंडप में हादसा हुआ। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि पूजा पंडाल में जो गेट वीआईपी के लिए बनाया गया था, वहां ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात थे।
फिलहाल चोरबागान दुर्गा पूजा मंडप को बंद कर दिया गया है। पूजा कमेटी के सभी लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ये जांच कर रही है कि किस जगह खामी रही। कलकत्ता हाईकोर्ट के मौजूदा जज की अध्यक्षता में बनने वाली एसआईटी की जांच में सभी तथ्य खुलकर सामने आने की उम्मीद है। इस हादसे के बाद सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों की जांच का आदेश भी दिया है।
Guest Author
प्रमेश झा
देश के कई मीडिया चैनलों में वीटी एडिटर के तौर पर काम करने का 18 वर्षो का अनुभव और संदर्भित लेखन में रूचि ।

