क्या मानवाधिकारों की आवाज भी विचारधारा देखकर उठती है?
सऊदी अरब में दो बांग्लादेशी नागरिकों को मौत की सजा दिए जाने का मामला केवल एक आपराधिक मुकदमे या किसी देश की न्यायिक व्यवस्था तक सीमित नहीं है। यह मानवाधिकार, न्यायिक पारदर्शिता, मृत्युदंड की वैधता और वैचारिक निष्पक्षता से जुड़े कई गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या फांसी दिये जाने से पहले व्यक्ति के परिवार एवं वहां की सरकार को सूचित करना जरूरी नहीं था ? इस घटना के बाद एक असहज सवाल उठना स्वाभाविक है, क्या मानवाधिकारों की चिंता सार्वभौमिक है, या वह राजनीतिक विचारधारा, धार्मिक पहचान और अंतरराष्ट्रीय शक्ति-संबंधों के हिसाब से बदल जाती है?
किसी भी सभ्य समाज में न्याय का अर्थ केवल अपराध के लिए दंड देना नहीं, बल्कि आरोपों की निष्पक्ष जांच, आरोपी को अपना पक्ष रखने का अवसर, बचाव का अधिकार और न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी है। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि फांसी से पहले इसकी सूचना नहीं दी गई थी। बांग्लादेशी नागरिकों की फांसी का मामला दुनिया के सामने एक गंभीर प्रश्न रखता है, क्या न्याय की मांग हर व्यक्ति के लिए समान है, या उसकी पहचान, धर्म, राष्ट्रीयता और राजनीतिक उपयोगिता के आधार पर बदल जाती है?
14 अक्टूबर 2026 को मक्का क्षेत्र में नजरुल इस्लाम अब्दुल बशीर और स्वीटी अख्तर को कथित अनैतिक कृत्य के मामले में फांसी दिए जाने की खबर सामने आई। सऊदी अधिकारियों ने ताज़ीर के अंतर्गत सजा का उल्लेख किया, जबकि बांग्लादेश सरकार का कहना है कि फांसी से पहले इसकी सूचना नहीं दी गई थी। मामले के कई अहम विवरण सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं हैं।
किसी भी सभ्य समाज में न्याय का अर्थ केवल अपराध के लिए दंड देना नहीं, बल्कि आरोपों की निष्पक्ष जांच, आरोपी को अपना पक्ष रखने का अवसर, बचाव का अधिकार और न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी है। इस मामले में सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सऊदी अधिकारियों ने कथित अपराध का विस्तृत विवरण साझा नहीं किया। बांग्लादेशी अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी और कानूनी प्रक्रिया से जुड़े स्पष्टीकरण मांगे हैं।
यहां मूल प्रश्न किसी धर्म या देश को कठघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि यह पूछना है कि क्या किसी कथित अनैतिक कृत्य के लिए मृत्युदंड देना आनुपातिक और न्यायसंगत है? क्या आरोपी को पर्याप्त कानूनी सहायता नहीं मिलनी चाहिए? क्या अपील का वास्तविक अवसर उपलब्ध था? क्या आरोपी को अपना पक्ष रखने का अधिकार नहीं मिलनी चाहिए। क्या मृत्युदंड जैसी अपरिवर्तनीय सजा से पहले सभी प्रक्रियागत सुरक्षा उपायों का पालन किया गया?
यदि किसी सरकार की कार्रवाई के विरुद्ध आवाज उठाना मानवाधिकारों के पक्ष में खड़ा होना है, तो यह सिद्धांत सऊदी अरब, ईरान, चीन, अमेरिका या किसी अन्य देश पर समान रूप से लागू होना चाहिए। मानवाधिकारों की कसौटी सत्ता का नहीं, बल्कि न्याय का मानदंड होना चाहिए।
इस घटना को केवल किसी देश का अंदरूनी मामला या धार्मिक विवाद मानकर छोड़ देना पर्याप्त नहीं होगा। न ही किसी धर्म के सभी अनुयायियों को किसी सरकार की न्यायिक कार्रवाई के लिए जिम्मेदार ठहराना उचित है। आलोचना का लक्ष्य वह विशिष्ट कानून, फैसला, प्रक्रिया या सरकारी कार्रवाई होनी चाहिए जिस पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले का एक महत्वपूर्ण पक्ष प्रवासी श्रमिकों की असुरक्षा भी है। नजरुल इस्लाम और स्वीटी अख्तर के परिवारों ने सजा और उसके बारे में जानकारी मिलने की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। विदेश में काम करने वाला श्रमिक केवल विदेशी मुद्रा भेजने वाला आर्थिक संसाधन नहीं है। वह किसी परिवार का बेटा, बेटी, भाई, बहन या माता-पिता का सहारा होता है। उसके अधिकारों की रक्षा करना उसके अपने देश की सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन मानवाधिकार संगठनों और अंतरराष्ट्रीय नागरिक समाज की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।
जब किसी गरीब श्रमिक को न्यायिक प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं मिलती, जब उसके परिवार को अंतिम सजा की खबर तक समय पर नहीं पहुंचती और जब मुकदमे की परिस्थितियां सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं होतीं, तब जवाबदेही की मांग करना किसी धर्म या देश के विरुद्ध अभियान नहीं, बल्कि न्याय के पक्ष में खड़ा होना है।
इस घटना के बाद आजादी, समता और निरपेक्षता की वकालत करने वाले मानवाधिकार संगठनों की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं। उनकी चुप्पी यह संकेत दे रही है कि कई मानवाधिकार संगठन, समूह, फ्रंट,सेलेक्टिव माइंडसेट के साथ अपने नफा नुकसान को देखकर मुद्दे को उठाते हैं।
यदि भारत में किसी सरकार की कार्रवाई को लेकर मानवाधिकारों के प्रश्न उठाए जाते हैं, तो विदेश में किसी कमजोर प्रवासी श्रमिक के जीवन और न्याय के अधिकार पर भी उतनी ही गंभीरता दिखाई जानी चाहिए।

Editor
अजय गौतम
लगभग ढ़ाई दशकों से पत्रकारिता और लेखन मेरे जीवन का हिस्सा रहा है। भले ही जीवन का लक्ष्य कुछ और हो, लेकिन नियति जो चाहती है वही होता हैै।
