ट्रम्प की सत्ता पर ढीली होती पकड़ : वैश्विक शक्ति संतुलन साधने में पिछड़ता अमेरिका
वैश्विक राजनीति एक ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां अमेरिका के नेतृत्व, उसकी विश्वसनीयता और वैश्विक दबदबे की नए सिरे से परीक्षा हो रही है। कभी दुनिया की सबसे ताकतवर महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज अपनी ही नीतियों के कारण राजनीतिक चुनौतियों से घिरे नजर आ रहे हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सत्ता पर पकड़ कमजोर पड़ना केवल अमेरिकी राजनीति की आंतरिक घटना नहीं होगी। इसका असर पूरी दुनिया की कूटनीति, अर्थव्यवस्था, युद्धों, व्यापार और वैश्विक शक्ति संतुलन पर पड़ सकता है।
दरअसल, अमेरिका का राष्ट्रपति केवल अपने देश का नेता नहीं होता, बल्कि उसकी नीतियों से यूरोप से लेकर एशिया और पश्चिम एशिया तक की राजनीति प्रभावित होती है। इसलिए ट्रम्प की राजनीतिक ताकत में गिरावट का अर्थ है दुनिया के सामने एक नए राजनीतिक समीकरण की संभावना।
अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बढ़त हासिल कर ली है। यह ट्रम्प की राजनीतिक लोकप्रियता और नेतृत्व के लिए बड़ा झटका है। रिपब्लिकन पार्टी की हार के पीछे ईरान युद्ध, महंगाई, जीवनयापन की बढ़ती लागत और प्रशासन को लेकर असंतोष प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। 9 नवंबर को जारी एक सर्वेक्षण में ट्रम्प की अप्रूवल रेटिंग महज 32 प्रतिशत रही।
ट्रम्प की सत्ता पर कमजोर होती पकड़ दुनिया को एक महत्वपूर्ण संदेश देती है कि लोकतंत्र में कोई भी नेता जनता की नाराजगी से ऊपर नहीं है। अमेरिका की जनता ने महंगाई, युद्ध और राजनीतिक नेतृत्व के सवालों पर अपना फैसला सुनाया है। यह केवल ट्रम्प की व्यक्तिगत राजनीतिक हार नहीं, बल्कि उनकी नीतियों पर भी सवाल है।
हालांकि, सत्ता पर पकड़ कमजोर होने का अर्थ यह नहीं है कि ट्रम्प तत्काल सत्ता से बाहर हो जाएंगे। अमेरिकी कांग्रेस, न्यायपालिका, रिपब्लिकन पार्टी और राष्ट्रपति के बीच बदलते समीकरण इस स्थिति को तय करेंगे।
ट्रम्प कमजोर जरूर हुए हैं, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति की शक्तियां खत्म नहीं हुई हैं। असली परीक्षा यह होगी कि वे अपनी कमजोर होती घरेलू राजनीतिक स्थिति में दुनिया को स्थिरता देंगे या अपनी ताकत साबित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय तनाव को और बढ़ाएंगे। इसका परिणाम यह होगा कि जनवरी 2027 से अमेरिकी कांग्रेस में ट्रम्प को पहले जैसी राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं मिलेगी।
वैश्विक राजनीति एक ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां अमेरिका के नेतृत्व, उसकी विश्वसनीयता और वैश्विक दबदबे की नए सिरे से परीक्षा हो रही है। कभी दुनिया की सबसे ताकतवर महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज अपनी ही नीतियों के कारण राजनीतिक चुनौतियों से घिरे नजर आ रहे हैं।
ट्रम्प का अमेरिका फर्स्ट नारा भले ही अमेरिकी राष्ट्रवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से दिया गया हो, लेकिन इसके अंतरराष्ट्रीय परिणामों ने अमेरिका के पुराने सहयोगियों को भी असहज किया है। व्यापार युद्ध, टैरिफ की राजनीति, नाटो सहयोगियों पर दबाव, ईरान के साथ टकराव और रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अनिश्चितता ने अमेरिकी नेतृत्व की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं।
किसी भी महाशक्ति की असली ताकत केवल उसके हथियारों, आर्थिक संसाधनों या सैन्य ठिकानों से नहीं मापी जाती। उसकी विश्वसनीयता, सहयोगियों के प्रति व्यवहार और अंतरराष्ट्रीय नियमों के प्रति प्रतिबद्धता भी उसकी ताकत का आधार होती है।
ट्रम्प के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वे अमेरिका की ताकत को दुनिया पर दबाव बनाने के बजाय दुनिया का विश्वास जीतने में इस्तेमाल करें। क्योंकि इतिहास गवाह है कि साम्राज्य केवल बाहरी चुनौतियों से कमजोर नहीं होते, बल्कि कई बार अपने सहयोगियों का भरोसा खोने से भी उनका प्रभाव घटने लगता है।
आज दुनिया अमेरिकी नेतृत्व की परीक्षा ले रही है। यह परीक्षा केवल ट्रम्प की नहीं, बल्कि उस वैश्विक व्यवस्था की भी है जिसमें अमेरिका ने दशकों तक नेतृत्व किया है।

Editor
अजय गौतम
लगभग ढ़ाई दशकों से पत्रकारिता और लेखन मेरे जीवन का हिस्सा रहा है। भले ही जीवन का लक्ष्य कुछ और हो, लेकिन नियति जो चाहती है वही होता हैै। हर बदलाव अपने साथ नई चुनौतियां और संभावनाएं लेकर आता है। यह समय अनुभवों को विस्तार देने, कुछ नया सीखने और अपनी क्षमताओं को नए आयाम देने का है। पत्रकारिता के मूल्यों और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संकल्प है।
