गांधीनगर थाने में मनाई गई वरिष्ठ नागरिक दंपत्ति की 50वीं शादी की सालगिरह, SHO राज कुमार ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने दंपती को शादी की 50वीं सालगिरह की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। थाने का माहौल कुछ देर के लिए शिकायतों और पुलिसिंग से अलग पारिवारिक समारोह जैसा नजर आया।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस और वरिष्ठ नागरिकों के बीच मजबूत होते आपसी रिश्ते की एक खूबसूरत तस्वीर उस समय देखने को मिली, जब गांधीनगर थाने में वरिष्ठ नागरिक दंपत्ति वासुदेव टुटेजा और दर्शना रानी की 50वीं शादी की सालगिरह मनाई गई। थाना प्रभारी SHO राज कुमार की पहल पर पुलिस स्टाफ और वरिष्ठ नागरिकों की मौजूदगी में दंपत्ति ने केक काटा और एक-दूसरे के साथ बिताए पांच दशकों की खुशियों को याद किया।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने दंपत्ति को शादी की 50वीं सालगिरह की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। थाने का माहौल कुछ देर के लिए शिकायतों और पुलिसिंग से अलग पारिवारिक समारोह जैसा नजर आया।
वासुदेव टुटेजा और दर्शना रानी इस सम्मान और अपनत्व से भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “जीवन में पहली बार इस तरह अपनी शादी की सालगिरह मनाने की खुशी हम शब्दों में बयान नहीं कर सकते। यह पल हमारे लिए हमेशा यादगार रहेगा।”
दंपत्ति ने मुस्कुराते हुए कहा कि यदि 75वीं शादी की सालगिरह मनाने का अवसर भी इसी तरह पुलिसकर्मियों और वरिष्ठ नागरिकों के साथ मिला, तो उनकी खुशी और भी बढ़ जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों और दिल्ली पुलिस के बीच संवाद और आत्मीयता का भाव दिखाई दिया। ऐसे आयोजन यह संदेश देते हैं कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके सम्मान, भावनात्मक जुड़ाव और सामाजिक सहभागिता को भी महत्व दिया जाना जरूरी है।
गांधीनगर थाने में मनाई गई यह सालगिरह एक परिवार की खुशी से आगे बढ़कर दिल्ली पुलिस और वरिष्ठ नागरिकों के बीच विश्वास, संवेदना और अपनत्व के रिश्ते का खूबसूरत उदाहरण बन गई।

न्यूज रिव्यू डेस्क
न्यूज रिव्यू डेस्क
न्यूज रिव्यू डेस्क
